खबर शेयर करें 👉

नैनीताल । नैनीताल के फ्लैट मैदान में स्वामित्व को लेकर विववद और बढ़ गया है । मंगलवार को नगर पालिका द्वारा डी एस ए की मदद से स्व.पृथ्वीराज सिंह बिष्ट क्रिकेट प्रतियोगिता कराई जानी थी । जबकि खेल विभाग ने भी एक अन्य टूर्नामेंट की तैयारी की थी ।

इस क्रम में  मंगलवार को दोनों संस्थाएं सुबह फ्लैट मैदान पहुंच गई । जहां नगर पालिका अध्यक्ष,सभासदों सहित डी एस ए से जुड़े खेल क्लबों ने खेल विभाग की कार्यवाई का कड़ा विरोध करते हुए खेल विभाग व शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की । जबकि क्रीड़ाधिकारी ने नगर पालिका व खेल क्लबों के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति की । क्रीड़ाधिकारी के अनुसार पिछले वर्ष वर्तमान बोर्ड के गठन से पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी वन्दना सिंह के दिशा निर्देश पर अधिशासी अधिकारी व क्रीड़ाधिकारी के मध्य एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए । जिसके तहत फ्लैट मैदान खेल विभाग को हस्तांतरित हुआ था । इस सम्बंध में 2 फरवरी 2025 को शासनादेश भी हुआ था । खेल विभाग ने वर्तमान में करीब 3 लाख रुपये की लागत से फ्लैट में क्रिकेट पिच भी तैयार कराई है । कहा कि जब यह पिच बन रही थी तब नगर पालिका व खेल क्लबों ने विरोध क्यों नहीं किया ।

 

ALSO READ:  सूची -: उत्तराखंड हाईकोर्ट ने की 70 से अधिक ओथ कमिश्नरों की नियुक्ति, 26 जुलाई से प्रभावी होगा आदेश ।

जबकि नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने कहा कि फ्लैट मैदान में नगर पालिका का स्वामित्व है । जिसे पालिका बोर्ड की अनुमति के बिना हस्तांतरित नहीं किया जा सकता । डी एस ए के वरिष्ठ पदाधिकारी अधिवक्ता पवन खनायत ने खेल विभाग की कार्यवाई पर सख्त ऐतराज जताया तथा बताया कि इस सम्बंध में एक जनहित याचिका हाईकोर्ट में विचाराधीन है । बताया कि नगर पालिका व खेल क्लबों ने फ्लैट में खेल विभाग द्वारा पिच बनाने का विरोध किया था ।

ALSO READ:  सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश -: हाईकोर्ट के लिए हल्द्वानी में चिन्हित भूमि का कब्जा " जैसा है जहां है" के आधार पर हाईकोर्ट को सौंपी जाय, 2 माह के भीतर भूमि हस्तांतरण की अधिसूचना जारी की जाए।

इस मामले की शिकायत क्रीड़ाधिकारी द्वारा मल्लीताल कोतवाली में किये जाने पर मल्लीताल कोतवाली से पुलिस फ्लैट मैदान में पहुंची जहां पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल,कांग्रेस नेता मुन्नी तिवारी, पालिका के सभासद, विभिन्न खेल क्लबों के पदाधिकारी मौजूद थे । पालिकाध्यक्ष व अन्य ने विस्तार से मल्लीताल कोतवाली के एस एस आई डी सी जोशी व अन्य के समक्ष अपना पक्ष रखा । जिसके बाद वे वापस लौट गए । लेकिन फ्लैट मैदान ने स्वामित्व का सवाल अनसुलझा है ।

 

दूसरी ओर आज से फ्लैट मैदान में नगर पालिका द्वारा 70 वीं पृथ्वीराज सिंह बिष्ट स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होनी थी जो आज शुरू नहीं हो सकी । इस प्रतियोगिता के शुरू न होने का कारण पिछले दिनों 23 जनवरी को हुई बारिश से पिच का गीला रहना भी था ।

You missed

You cannot copy content of this page