नैनीताल । नगर पालिका परिषद नैनीताल के सभासदों ने शहर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और लंबे समय से लंबित बहुसूत्रीय मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में सभासदों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि पूर्व में दी गई निश्चित समय सीमा बीत जाने के बाद भी पालिका प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते सभी सभासद अब धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य हो गए हैं। सभासदों ने नगर की चरमराई व्यवस्थाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
इस शिकायती पत्र में मुख्य रूप से शहर में कूड़ा निस्तारण की गंभीर समस्या, लचर प्रकाश व्यवस्था और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था के लगभग ठप होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। इसके अलावा, बिना बोर्ड बैठक के विभिन्न निविदाएं आमंत्रित करने, करोड़ों रुपये के कूड़ेदानों की खरीद में भ्रष्टाचार, शत्रु संपत्ति पर अतिक्रमण, और पूर्व में लगाए गए विद्युत पोलों पर अब तक तार न खींचे जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बोर्ड बैठक बुलाकर इन सभी समस्याओं और वित्तीय अनियमितताओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। इस पत्र की एक प्रति जिलाधिकारी नैनीताल को भी भेजी गई है।
धरने में बैठे सभासदों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की । यह प्रदर्शन देर शाम तक जारी था । जिससे पालिकाध्यक्ष व सभासदों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है ।
इस प्रदर्शन में मुकेश जोशी मंटू व सपना बिष्ट को छोड़कर अन्य सभी सभासद मौजूद थे ।


