नैनीताल । जिला बार एसोसिएशन, नैनीताल द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता स्व० प्रताप सिंह मौनी की स्मृति में आयोजित “प्रथम ज़िला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट का बुधवार को बार सभागार में समापन समारोह हुआ ।

समापन अवसर पर कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत व जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने मैत्री मैच खेला ।
समापन समारोह का कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत और जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता के डबल्स श्रेणी के खिताबी मुकाबले में पंकज कुमार एवं तस्लीम की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू व हंसराज सिजवाली की जोड़ी को पराजित कर प्रथम जिला स्तरीय कैरम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
सिंगल्स श्रेणी का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा । जिसमें चंद्रप्रकाश ने सधे हुए कट्स और सटीक टाइमिंग के दम पर मुकेश चंद्रा को एक बेहद कड़े मुकाबले में शिकस्त देकर सिंगल्स चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टूर्नामेंट के समापन अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ललित मोहन रयाल, जिला उपभोक्ता आयोग नैनीताल के अध्यक्ष श्री जायसवाल तथा जुडिशियल मजिस्ट्रेट नैनीताल स्नेहा नारंग द्वारा संयुक्त रूप से सभी विजेताओं, उपविजेताओं और उप-विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफियों व पुरस्कारों से नवाजा गया। सभी अतिथियों ने जिला बार एसोसिएशन के इस खेल आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
टूर्नामेंट के फाइनल को बेहद आकर्षक, अनुशासित और भव्य रूप देने में बार एसोसिएशन के सांस्कृतिक सचिव उमेश कांडपाल (एडवोकेट) की विशेष और अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी देखरेख मे आज फाइनल मैच के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा उनके द्वारा ही मंच का संचालन किया गया।
इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, सचिव संजय सुयाल, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू सहित समस्त कार्यकारिणी पदाधिकारी, सदस्य और भारी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।


