नैनीताल । सीआरएसटी इंटर कॉलेज नैनीताल के सभागार में 9 जून की शाम को स्वर्गीय चंद्र लाल साह ठुलघरिया की 103वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन उनके सुपुत्र पद्मश्री सम्मानित अनूप साह ठुलघरिया द्वारा किया गया । जो सीआरएसटी इंटर कॉलेज के प्रबंधन प्रमुख और चेत राम साह ठुलघरिया एजुकेशनल एंडोमेंट ट्रस्ट फंड के अध्यक्ष भी हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अजय भट्ट उपस्थित रहे। उनके अलावा विशिष्ट अतिथियों में क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या, सेवानिवृत्त न्यायाधीश आशीष नैथानी, नैनीताल नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ .सरस्वती खेतवाल, आलोक साह और गीता साह सहित परिवार के कई करीबी सदस्य मौजूद थे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वर्गीय चंद्र लाल साह ठुलघरिया को समर्पित दो पुस्तकों का विमोचन रहा। पहली पुस्तक “एक बूज्यू, हजार यादें” स्मारिका का विमोचन हुआ, जो विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ उनकी यादों का एक अनूठा संग्रह है। पद्मश्री से सम्मानित अनूप साह ने एक शानदार पिक्टोरियल प्रेजेंटेशन (चित्रमय प्रस्तुति) के माध्यम से स्वर्गीय ठुलघरिया के बहुआयामी जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे उनके पिता ने अपने जीवनकाल में पर्वतारोहण, रॉक क्लाइंबिंग, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, स्काउट्स एंड गाइड्स, फ्लोरीकल्चर के साथ-साथ फ्रीमैसन क्लब और रोटरी क्लब जैसी संस्थाओं के माध्यम से समाज में अपना बहुमूल्य योगदान दिया था।
इसके साथ ही, कार्यक्रम में दूसरी पुस्तक ट्रेल पास पर लिखी गई अनूप साह की पुस्तक “इकोज फ्रॉम द हाइट्स” का भी विमोचन किया गया, जिसे सेवानिवृत्त वायु सेना अधिकारी ग्रुप कैप्टन अच्युत कुमार ने दर्शकों के सामने पेश किया। इस भावपूर्ण अवसर पर प्रदीप पांडे, विधायक सरिता आर्या, अशोक सिंह और सीआरएसटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज पांडे ने स्वर्गीय चंद्र लाल साह ठुलघरिया (बुजू) के साथ बिताए अपने पुराने अनुभवों और सुनहरी यादों को मंच से साझा किया।
इस दौरान सीआरएसटी इंटर कॉलेज के प्राइमरी विंग और अन्य छात्र-छात्राओं द्वारा बेहद खूबसूरत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने समां बांध दिया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में शिक्षा और समाज सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। स्कूल के पूर्व छात्रों द्वारा एकत्रित की गई 1 लाख 8 हजार रुपये की धनराशि का एक बैंक ड्राफ्ट चेत राम साह ठुलघरिया एजुकेशनल एंडोमेंट ट्रस्ट फंड के अध्यक्ष को सौंपा गया। इसके साथ ही अमन विरमानी और रुचि साह द्वारा प्रायोजित छात्रवृत्तियां सीआरएसटी इंटर कॉलेज के चयनित होनहार छात्रों को प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि और सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में स्वर्गीय चंद्र लाल साह ठुलघरिया के जीवन और उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की जमकर सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ.नारायण सिंह जंतवाल,राजीव लोचन साह, विनोद पांडे,प्रदीप पांडे,विनय साह, सुरेश मेहता,कैप्टन एल एम साह,सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत,नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, दयाकिशन पोखरिया,भवाली के प्रकाश आर्या
प्रांन्जल साह, रुपसी साह, राजेश साह ,सुधा साह, सिद्धार्थ साह, अदिति साह, कुँवर अक्षोभ सिंह, इरशाद नजर खान, बी०सी० नैनवाल ,के०एल०शर्मा, अभिमन्यु गहलोत, हेमन्त बिष्ट, डा० ललित तिवारी, मनोज जोशी, शैलेन्द्र चौधरी (जिला अध्यक्ष मा०शि०स सुरेश साह, नीरज श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे। संचालन अनुपम उपाध्याय व डॉ . एस एस बिष्ट ने किया ।


