नैनीताल । तल्लीताल बस स्टेशन पर रविवार को यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हल्द्वानी जाने वाले सैकड़ों यात्री घंटों से बस का इंतजार करते रहे, लेकिन परिवहन निगम की ओर से कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई। भीड़ के दबाव के बीच जब एक बस स्टेशन पहुंची तो उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों में मारामारी और अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के साथ सफर कर रहे लोग धक्का-मुक्की में फंसते नजर आए।
बसों की कमी का फायदा उठाते हुए टैक्सी चालकों ने किराया कई गुना बढ़ा दिया है। सामान्य दिनों में 150 रुपये में मिलने वाली सवारी के लिए यात्रियों से 400 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। मजबूरी में कई यात्रियों को अधिक किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। यात्रियों का आरोप है कि पर्यटक सीजन व वीकेंड पर हर बार यही हाल होता है, लेकिन परिवहन निगम और जिला प्रशासन पहले से कोई तैयारी नहीं करता। रविवार को बस में सीट पाने के लिए यात्रियों में हाथापाई की नौबत आई । लेकिन मौके पर पुलिस का एक भी कर्मचारी मौजूद नहीं था ।
मौके पर मौजूद यात्रियों ने प्रशासन की व्यवस्था को पूरी तरह शून्य बताया। यात्रियों का कहना है कि न तो कोई अधिकारी स्थिति संभालने पहुंचा और न ही अतिरिक्त बसें लगाई गईं। घंटों इंतजार के बाद भी बस न मिलने से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश है। यात्रियों ने मांग की है कि हल्द्वानी रूट पर तत्काल अतिरिक्त बसें चलाई जाएं और मनमाना किराया वसूलने वाले टैक्सी चालकों पर कार्रवाई हो।
रविवार को दोपहर बाद ही हल्द्वानी रूट पर बसों के लिए मारामारी शुरू हो गई थी और शाम होते-होते स्थिति बेकाबू हो गई । बसों के अभाव में कई स्थानीय लोग वापस लौट गए । किंतु पर्यटकों व बाहर से आए लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा है ।


