नैनीताल । बल्दियाखान के निकटवर्ती गांव देवीधुरा के तोक जमीरा, सौलिया आदि के लिये सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने सोमवार को तल्लीताल गांधी चौक में धरना प्रदर्शन किया साथ ही तल्लीताल से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा ।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर सड़क निर्माण की कार्यवाही शुरू नहीं हुई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने के साथ ही नेशनल हाइवे में बल्दियाखान में चक्का जाम भी करेंगे ।
जमीरा,सौलिया,देवीधुरा,बल्दिया खान क्षेत्र के ग्रामीण आज सुबह बड़ी संख्या में तल्लीताल डांट में पहुंचे । जहां उन्होंने “आज दो अभी दो, सड़क दो,सड़क दो, के नारे लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया । इस दौरान बी डी सी सदस्य हिमांशु पांडे ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर वर्षों से संघर्षरत हैं । 6 माह पूर्व हुए पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर पंचायत चुनाव का बहिष्कार किया था । तब प्रशासन की टीम ने गांव पहुंचकर चुनाव के तुरंत बाद सड़क निर्माण का वायदा किया । लेकिन प्रशासन चुनाव के बाद अपना वायदा भूल गया । नतीजन उन्हें अब उग्र आंदोलन को विवश होना पड़ा है ।
इस दौरान देवीधुरा की प्रधान प्रेमलता बर्गली, बी डी सी सदस्य मनोज चनियाल ,पूर्व प्रधान धर्मेंद्र सिंह रावत आदि ने कहा कि सड़क के अभाव में सौलिया,जमीरा आदि क्षेत्र जे निवासियों को कई तरह की परेशानियों सामना करना पड़ता है । लेकिन शासन प्रशासन को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है । इसलिये उन्हें अब आंदोलन को विवश होना पड़ा है ।
धरना प्रदर्शन के बाद तल्लीताल बाजार से कलक्ट्रेट तक जुलूस भी निकाला गया । जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थे । जुलूस जा नेतृत्व ग्राम प्रधान,बी डी सी सदस्य के अलावा शीला आर्य,चिराग धामी,भूपाल मेहरा, विक्रम बिष्ट, भाष्कर रावत, भगवान सिंह,बलराम सिंह,लक्ष्मण सिंह,चेत सिंह,राम सिंह,नीरज भाकुनी,राहुल, सचिन कुमार,नैनीताल के कैलाश अधिकारी आदि कर रहे थे ।


