हाई पावर कमेटी की बैठक में हुआ अहम फैसला ।
नैनीताल । उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनावों को लेकर एक बड़ा निर्णय लिया गया है। चुनाव समिति ने पूर्व में निर्धारित चुनाव तिथि को बदलते हुए अब इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया है। 30 दिसंबर 2025 को हुई उच्चाधिकार प्राप्त चुनाव समिति की वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राजीव शर्मा ने की । बैठक में न्यायमूर्ति कुलदीप सिंह और न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी भी मौजूद थे ।
उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव हेतु गठित हाई पावर कमेटी को उत्तराखंड बार एसोसियशन के अध्यक्ष डी सी एस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी सहित समस्त कार्यकारिणी, बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन डॉ. महेंद्र पाल, विभिन्न बार एसोसिएशनों और व्यक्तिगत सदस्यों से चुनाव स्थगित करने के लिए कई अभ्यावेदन भेजे थे। इसका मुख्य कारण पहाड़ी क्षेत्रों और उच्च न्यायालय में होने वाला शीतकालीन अवकाश था ।
समिति ने राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड को देखते हुए अधिवक्ताओं ने चुनाव की तारीख बदलने की मांग की थी ताकि अधिक से अधिक सदस्य मतदान में भाग ले सकें।
अदालतों के अवकाश कैलेंडर के अनुसार, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, चमोली, उत्तरकाशी और नैनीताल (हल्द्वानी और रामनगर को छोड़कर) सहित कई जिलों की सिविल कोर्ट 2 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगी। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड उच्च न्यायालय में भी 11 जनवरी 2026 से 8 फरवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इन्हीं छुट्टियों के कारण पूर्व में तय 4 फरवरी की तारीख को अनुपयुक्त माना गया।
समिति ने निर्णय लिया है कि अब उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव 17 फरवरी 2026 को आयोजित किए जाएंगे। समिति ने उत्तराखंड बार काउंसिल के सचिव को निर्देशित किया है कि वे इस नई तिथि को एक परिशिष्ट के रूप में तुरंत अधिसूचित करें और इसे आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करें। मतदान की तिथि के अलावा बाकी का पुराना कार्यक्रम यथावत बना रहेगा।
चुनाव के बाद मतपत्रों को 19 फरवरी 2026 तक नैनीताल स्थित बार काउंसिल के कार्यालय में पहुँचाना अनिवार्य होगा। इसके अगले दिन, यानी 20 फरवरी 2026 से मतों की गिनती का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बदलाव से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अधिवक्ताओं को मतदान प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
हाई पावर कमेटी के इस निर्णय का हाईकोर्ट बार एसोसियशन के अध्यक्ष डी सी एस रावत,महासचिव सौरभ अधिकारी,सुशील वशिष्ठ आदि ने स्वागत करते हुए कमेटी के प्रति आभार जताया है ।



