खबर शेयर करें 👉

नैनीताल । भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष रहे नरेश पांडे के खिलाफ दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने की शिकायत करने वाली युवती स्वयं अन्य नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म के षड्यंत्र में शामिल होने के आरोप में मंगलवार को न्यायिक रिमांड में जेल पहुंच गई ।

 

नाबालिग लड़की के साथ दुराचार के षड्यंत्र में शामिल रही इस युवती को मल्लीताल पुलिस ने पुनः गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया । मंगलवार को विशेष न्यायधीश पॉक्सो सुधीर तोमर के अवकाश में होने के कारण प्रभारी न्यायधीश पॉक्सो व अपर जिला न्यायाधीश द्वितीय कुलदीप शर्मा की अदालत ने आरोपी को एक दिन की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेज दिया । आरोपी को 14 दिन की रिमांड में भेजे जाने को लेकर पुलिस कल (आज) पुनः उसे पॉक्सो अदालत में पेश करेगी । इधर आरोपी की ओर से कोर्ट में जमानत अर्जी भी दायर की गई है । जिस पर आपत्ति दर्ज करने के लिए जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी सुशील शर्मा ने 24 घंटे का समय मांगा । जिसके बाद आरोपी की जमानत अर्जी पर सुनवाई भी कल (आज) होगी ।

 अभियोजन पक्ष के अनुसार एक नाबालिग युवती ने मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर बताया कि उसकी जन्म तिथि नवंबर 2007 है । नैनीताल में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान आरोपी युवती से हुई । जो 4 अक्टूबर 2025 को अपने दोस्त से मिलाने काठगोदाम ले गई । जहां एक होटल में आरोपी युवती ने उसे होटल के कमरे में पहले से मौजूद व्यक्ति नरेश पांडे के साथ जाने को कहा । लेकिन डर के कारण जब वह बाथरूम में छुप गई तो नरेश पांडे उसके बाल खींचकर बेडरूम में ले गया और उसके साथ दुराचार किया ।
 इस मामले में पुलिस ने आरोपी लड़की के खिलाफ बी एन एस की धारा 143,64,सह पठित धारा 61 (2ख)3/4 व 16/17 पॉक्सो के तहत 12 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज किया । पुलिस ने 12 जुलाई को भी आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था । लेकिन उस दिन आरोपी की रिमांड कोर्ट ने नामंजूर कर दी थी । लड़की के खिलाफ अब पॉक्सो व अन्य धाराएं भी लगाई गई हैं । जिसके बाद अब आरोपी लड़की को रिमांड में जेल भेजा गया है ।
यहां बता दें कि आज जेल गई युवती ने कुछ समय पूर्व मल्लीताल कोतवाली में नरेश पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । लेकिन बाद में वह अपने आरोप से मुकर गई । लेकिन इस युवती पर अब नाबालिग युवती ने गम्भीर आरोप लगाए हैं । इन आरोपों के आधार पर इस युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है ।

You missed

You cannot copy content of this page