नैनीताल । मल्लीताल निवासी एक युवक का शव शुक्रवार की सुबह तल्लीताल फांसी गधेरे के पास नैनी झील में तैरता हुआ मिला । यह युवक विगत रात्रि घर से निकला था । मृतक की शिनाख्त मल्लीताल निवासी मनीष साह के रूप में हुई । वह एक होटल में एकाउंट का काम करता था ।
बताया गया है कि शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक में निकले लोगों ने फांसी गधेरे के पास नैनी झील में एक शव को तैरता हुआ देखा । जिसकी सूचना तत्काल तल्लीताल पुलिस को दी गई । पुलिस ने वहां मौजूद अन्य लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला । मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी शिनाख्त मल्लीताल निवासी मनीष साह के रूप में हुई है ।
मौके पर पहुंचे परिजनों के अनुसार मनीष विगत रात्रि घर से निकला था और उसने रात 11 बजे फोन कर नैनी झील में कूदने की धमकी दी । जिसके बाद परिजन रात्रि में ही मौके पर पहुंचे और रात भर मनीष की ढूंढ खोज की गई । लेकिन आज सुबह उसका शव बरामद हुआ । मनीष के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है ।
पुलिस इस मामले में परिजनों से आवश्यक जानकारी जुटा रही है । पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है


