नैनीताल । नैनीझील में डूबने से युवक की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के डूबकर मरने की पुष्टि हुई है लेकिन सीसीटीवी फुटेज में यह भी सामने आया है कि यदि आधी रात को उसके दोस्त उसे अकेला छोडक़र नहीं जाते तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
बता दें कि मल्लीताल क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय रोहन शर्मा 24 दिसंबर की रात घर से मल्लीताल फलैट्स मैदान में आयोजित विंटर कार्निवाल में बी प्राक का शो देखने निकला था। बाजार पहुंचने के बाद वह अपने दोस्तों की टोली में शामिल हो गया। कार्निवाल में जाने से पहले वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए ठंडी सडक़ चला गया। जहां देर रात सभी दोस्तों ने मिलकर पार्टी की। पार्टी के बाद सभी दोस्त कार्यक्रम स्थल को जाने लगे लेकिन रोहन नशे में होने के कारण झील किनारे बने ग्लास हाउस में नशे में ही सो गया।
सीसीटीवी फुटेज में बाद में वह उठता हुआ और संतुलन खोकर नैनी झील में गिरता दिखाई दिया। रोहन के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और 30 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच 3 जनवरी को ठंडी सडक़ क्षेत्र में नैनी झील से उसका शव बरामद हुआ। परिजनों ने मामले में हत्या संभावना जताते हुए जांच की मांग की। जिसके बाद पोस्टमार्टम डाकटरों के पैनल से कराया गया लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना पाया गया।मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने बताया कि युवक के साथियों से पूछताछ की जा चुकी है और फिलहाल किसी तरह की आपराधिक साजिश के प्रमाण नहीं मिले हैं।


