नैनीताल ।
नगर के प्रमुख सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण संगठन ‘लेक सिटी वेलफ़ेयर क्लब’ द्वारा सोमवार को पारंपरिक विधि-विधान के साथ “हरेला पखवाड़ा” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। संस्कृति विभाग के सहयोग से होटल पवेलियन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि निवेदिता कुकरेती (पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र), विशिष्ट अतिथि डॉ. रश्मि पंत (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) एवं सरिता आर्या (विधायक) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। शुभारंभ के अवसर पर क्लब की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए सात अनाजों और सूखी मिट्टी के साथ हरेला बोने की परम्परा का निर्वहन किया ।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचीं आईजी निवेदिता कुकरेती ने हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने संस्कृति के संवर्धन और सामाजिक जागरूकता के लिए क्लब के प्रयासों की सराहना की। वहीं, क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने अपने संबोधन में बताया कि लेक सिटी वेलफेयर क्लब पिछले 17 वर्षों से निरंतर हरेला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दे रहा है।
इस अवसर पर क्लब की महिलाओं द्वारा दी गई पारंपरिक झोड़ों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। महिलाओं ने “खोल दे माता खोल भवानी, धार में किवाड़ा” और “दैणा होया खोली का गणेशा” जैसे भव्य झोड़ों की शानदार प्रस्तुति देकर वहाँ उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस हरित पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण और जैव विविधता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है।
हरेला कार्यक्रम की संयोजक डॉ. प्रगति जैन ने आगामी आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि इसी कड़ी में 19 जुलाई को क्लब द्वारा एक कुमाऊँनी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अंत में संयोजक गीता साह ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस भव्य आयोजन में क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव प्रगति जैन के साथ ही विनीता पांडे, दीपा पांडे, रानी साह, आभा साह, रमा लोहनी, दीपिका बिनवाल, प्रेमा अधिकारी,कंचन जोशी, संगीता गुप्ता, तनु सिंह, रेखा पंत, अमिता साह, मंजू बिष्ट, पुष्पा कांडपाल, सरस्वती सिराला, जूही अग्रवाल, मानसी गर्ग, मधुमिता, निवेदिता मेहरोत्रा, वंदना जोशी, भावना साह, विमलेश गोस्वामी, जया वर्मा, लीला राज, सीमा नौटियाल, जीवंती भट्ट, ज्योति ढूंढियाल, सोनू साह, हेमा भट्ट, वर्षा आर्या, पल्लवी गहतोड़ी एवं रेखा जोशी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


