नैनीताल ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी चेतावनी के मद्देनजर नैनीताल जिले में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ‘वार्निंग (Take Action)’ जारी की है, जिसमें आकाशीय बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र वेग से बारिश होने का अनुमान है। लगातार हो रही वर्षा के कारण जिले की नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है।
नैनीताल के जिला मजिस्ट्रेट और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, 10 जुलाई को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी शिक्षण संस्थाओं में इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले या लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



