नैनीताल ।
”आर्ट ऑफ़ लिविंग” हैप्पीनेस कलेक्टिव ग्रुप द्वारा ग्राम मल्ला बगड़, तल्ला बगड़, महरोड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान ग्रुप के सदस्यों ने ग्रामीणों और किसानों से अनावश्यक रूप से वृक्षों की कटाई न करने और प्रकृति की रक्षा करने की भावुक अपील की। पर्यावरण को संतुलित रखने और स्थानीय स्तर पर पोषण व आय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समूह द्वारा ग्रामीणों को 350 फलदार पौधे भेंट किए गए। साथ ही, सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सामूहिक संकल्प लिया।
ग्रुप के सदस्यों ने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष न केवल प्रकृति की शोभा हैं, बल्कि हमारी कृषि, जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें और यदि किसी अनिवार्य कारणवश एक पेड़ काटना भी पड़े, तो उसकी भरपाई के लिए कई नए पौधे अवश्य लगाएं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में रेशमा टंडन, कविता गंगोला, सुनीता वर्मा, प्रेमलता गोसाईं सहित समूह की दर्जनों महिला सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में समूह द्वारा सहयोग के लिए किसान मोर्चा के जिला मंत्री लाल सिंह बिष्ट, बगड़ तल्ला की ग्राम प्रधान दीपा आर्या और बगड़ मल्ला के ग्राम प्रधान पूरन चन्द्र आर्या का विशेष आभार व्यक्त किया गया।


