खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । विकासखंड बेतालघाट के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैराली-बूंगा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण में अत्यधिक विलंब और विभागीय विसंगतियों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।
 सामाजिक कार्यकर्ता नन्दन बोहरा के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने सांसद अजय भट्ट और लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज को शिकायती पत्र भेजा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बीते दिनों विभागीय अधिकारियों ने उन्हें बिना विश्वास में लिए एकतरफा सर्वे कर पूर्व के वास्तविक सर्वे को बदल दिया था, जिससे क्षेत्र में भारी असंतोष है। सड़क विहीन होने के कारण कृषि भूमि बंजर हो रही है और ग्रामीण पलायन को मजबूर हैं। निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू न होने से जनता में निराशा है।
​शिकायत का संज्ञान लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने अधिशासी अभियंता (पी एम जी एस वाई, ज्योलीकोट) को सख्त निर्देश जारी किए, जिसके बाद केंद्र व राज्य के विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की उपस्थिति में पारदर्शिता के साथ पुनः सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की है, जिसे शीघ्र ही केंद्र को भेजा जाएगा। इसके बावजूद ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और समस्त खैराली-बूंगा वासियों ने शासन-प्रशासन को अंतिम चेतावनी दी है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि इस अंतिम सर्वेक्षण के आधार पर सड़क का निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ नहीं किया गया, तो समस्त क्षेत्रवासी सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

You missed

You cannot copy content of this page