खबर शेयर करें 👉

नैनीताल । उत्तराखण्ड राज्य न्यायपालिका के आह्वान पर पूरे राज्य में 18 जून को विशेष स्वच्छता अभियान व श्रमदान का आयोजन किया जा रहा है । साथ ही स्वच्छता अभियान में शामिल लोगों से पर्यावरण की स्वच्छता के लिये शपथ पत्र भी भरवाए जाएंगे । शनिवार को इस आशय की अधिसूचना हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अनुज संघल के हस्ताक्षरों से जारी हुई है ।


अधिसूचना में बताया गया है कि स्वच्छता अभियान उच्च न्यायालय और जिला न्यायालयों द्वारा 18 जून को सुबह 8 बजे से 4 घण्टे तक चलेगा । उच्च न्यायालय में अभियान का नेतृत्व मुख्य न्यायाधीश अन्य न्यायाधीशों के साथ करेंगे। इस ड्राइव में हाईकोर्ट के समस्त अधिकारी शामिल होंगे । साथ ही एस.एल.एस.ए., उत्तराखंड बार काउंसिल, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और अधिवक्ता जनरल, मुख्य स्थायी अधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता जो उच्च न्यायालय परिसर में स्थित हैं वे भी इस अभियान भाग लेकर “श्रम दान” करेंगे।। इस अभियान के लिए पर्यटन स्थल, तीर्थ स्थलों व कचरा संवेदनशील स्थानों/क्षेत्रों , सड़कों को साफ करने के लिए चिन्हित किया जाएगा।
इस सम्बंध में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने व अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छ्ता अभियान में शामिल लोंगों से शपथ पत्र भरवाए जाएंगे ।
राज्य सरकार इस अभियान में बढ़चढ़कर शामिल होने के लिये पहले ही हाईकोर्ट को आश्वस्त कर चुकी है ।
ज्ञात हो कि एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायधीश की अध्यक्षता वाली खण्डपीठ ने 18 जून को बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया था ।

You missed

You cannot copy content of this page