खबर शेयर करें 👉
नैनीताल/श्री कैंचीधाम । सांसद  नैनीताल/उधमसिंह नगर अजय भट्ट ने  महत्वपूर्ण सैनिटोरियम-रातिघाट ( कैंची) बायपास सड़क  मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर वैलिब्रिज का फीताकाट कर शुभारंभ  किया। 19 किलोमीटर लंबाई का मोटर मार्ग जिसके निर्माण हेतु 37 करोड़  रुपये की धनराशि शासन से  मिली है  ।
  इस अवसर पर उन्होंने   कहा कि इस बाईपास के निर्माण से कैंचीधाम में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी, विशेष रूप से अल्मोड़ा, बागेश्वर, कर्णप्रयाग पिथौरागढ़, क्षेत्र के आने जाने वाले पर्यटकों  एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और उन्हें जाम में फंसने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि मार्ग के अधिकांश हिस्से का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा शेष भाग में डामरीकरण का कार्य किया जाना बाकी है। मानसून एवं संभावित बारिश को देखते हुए मार्ग पर पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। क्षेत्र भ्रमण के दौरान सांसद ने आगामी 15 जून को श्री कैंचीधाम में आयोजित मेले  के दौरान आवश्यक पार्किंग व अन्य व्यवस्थाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया। जिला प्रशासन द्वारा की गई यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं में आमजन से सहयोग करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से व्यवस्थाओं का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
     निरीक्षण के दौरान विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा भावना मेहरा, प्रकाश आर्य उपजिला अधिकारी अनुराग आर्य, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश  कुमार सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि ग्रामीण  आदि मौजूद रहे।

You missed

You cannot copy content of this page