खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल में आयोजित प्रतिष्ठित आईपीएससी ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आज उत्साह, गौरव और खेल भावना के शानदार माहौल में समापन हुआ। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों से आए 11 प्रतिष्ठित विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और जुझारूपन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
23 एवं 24 जून को आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के मुकाबले खेले गए। अंतिम दिन हुए रोमांचक फाइनल मुकाबलों के बाद मेजबान बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता पर अपना वर्चस्व कायम रखा और 24 स्वर्ण, 4 रजत एवं 3 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
अंडर-14 आयु वर्ग में बिड़ला विद्या मंदिर ने 5 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में राजकुमार कॉलेज, रायपुर द्वितीय तथा असम वैली स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।
अंडर-17 आयु वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। इस वर्ग में एमराल्ड हाइट्स स्कूल, इंदौर द्वितीय तथा राजकुमार कॉलेज, रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।
अंडर-19 आयु वर्ग में भी बिड़ला विद्या मंदिर का दबदबा कायम रहा। विद्यालय ने 6 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। एमराल्ड हाइट्स स्कूल, इंदौर द्वितीय तथा असम वैली स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का अद्भुत परिचय दिया। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करने में सफल रहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार शर्मा रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, “खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के वित्तीय प्रबंधक श्री संजय गुप्ता, आईपीएससी ऑब्ज़र्वर श्री राकेश कुमार शर्मा, राकेश मुलासी, पृथ्वीराज सिंह किरौला, लीला सिंह बिष्ट, केदार सिंह गड़िया, जतिन ग्रोवर, तुषार मिश्रा, आलोक अस्थाना एवं कुणाल जोशी सहित विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
ALSO READ:  श्री माँ नयना देवी मंदिर के स्थापना दिवस पर हुए विविध धार्मिक अनुष्ठान, श्रीमद देवी भागवत कथा का हुआ विधि विधान से पारायण, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण ।

You cannot copy content of this page