नैनीताल । मल्लीताल के चार्टन लॉज क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के सुरक्षात्मक कार्य एवं सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य हेतु 6 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर विधायक सरिता आर्या ने मुख्यमंत्री धन्यवाद ज्ञापित किया है।
ज्ञात हो कि विगत कुछ वर्ष पूर्व बी डी पांडे अस्पताल के पास चार्टनलॉज में भूस्खलन हुआ था। जिस कारण दर्जनों परिवार विस्थापन की जद में आ गए । साथ ही चार्टनलॉज क्षेत्र में जगह जगह दरारें आ गई । जिसे जियो बैग लगाकर व बारिश में पॉलीथिन से ढक कर रोकथाम की गई थी किंतु खतरा लगातार बना हुआ था । स्थानीय लोग लगातार शासन प्रशासन से इस चार्टन लॉज का स्थाई उपचार करने की मांग कर रहे थे ।
पूर्व में सांसद अजय भट्ट एवं विधायक सरिता आर्या ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया था एवं तुरंत संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा कार्य हेतु निर्देशित भी किया था।
विधायक सरिता आर्या ने कई बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आपदा प्रभावित चार्टन लॉज क्षेत्र के सुरक्षात्मक कार्य करवाने हेतु अनुरोध किया था। जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया है और 6 करोड़ से अधिक धनराशि स्वीकृत की है ।
विधायक सरिता आर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री लगातार नैनीताल क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए करोड़ों की धनराशि प्रदान कर चुके हैं। जिसके अंतर्गत नैनीताल के सभी पैदल मार्गों का नवनिर्माण किया जा रहा है। तल्लीताल डांठ चौराहा, मस्जिद चौराहा, गाड़ी पड़ाव क्षेत्र, रिक्शा स्टैंड मल्लीताल चौराहा, चीना बाबा चौराहा, मन्नू महारानी चौराहा का चौड़ीकरण का कार्य भी मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रारंभ की गई मानसखंड मंदिर माला मिशन योजना के तहत माँ नैना देवी मंदिर क्षेत्र का भव्य गेट निर्माण पूरा हो चुका है। पूरे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का कार्य अभी भी चल रहा है।


