खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । नगर पालिका परिषद की सभासद गजाला कमाल,ललिता दफौटी, गीता उप्रेती ने कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन देकर दिव्यांग बच्चों के लिए एक ‘विशेष सुगम्य पार्क’ के निर्माण की पुरजोर मांग की है।
    उन्होंने कहा कि वर्तमान में नैनीताल में दिव्यांग बच्चों के लिए उचित शिक्षा, थेरेपी सेंटर या विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ये बच्चे सामान्य जीवन की खुशियों और विकास के अवसरों से वंचित रह रहे हैं, जिसे देखते हुए एक समर्पित पार्क का निर्माण समय की मांग है।
​ सभासद गजाला कमाल ने  मल्लीताल बी डी पांडे अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग पर स्थित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क’ को इस परियोजना के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बताया है। उन्होंने तर्क दिया कि यह पार्क मेन रोड पर होने के कारण बच्चों के आवागमन के लिए अत्यंत सुविधाजनक है। इसके अतिरिक्त, पार्क के ठीक सामने बी.डी. पांडे अस्पताल स्थित है, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में बच्चों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त हो सकेगी। स्थान की सुरक्षा और सुलभता को देखते हुए इसे दिव्यांग बच्चों के लिए एक सुरक्षित और सुलभ स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया गया है।
​इस विशेष पार्क की रूपरेखा में दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप एडवांस और थेराप्यूटिक झूले, व्हीलचेयर अनुकूल मार्ग और मनोरंजन के साथ-साथ व्यायाम के आधुनिक उपकरण शामिल करने की बात कही गई है। इसके साथ ही, पार्क परिसर में समय-समय पर फिजियोथेरेपी और काउंसलिंग शिविर आयोजित करने की भी योजना है ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके। सभासद गजाला कमाल ने उम्मीद जताई है कि इस मानवीय पहल से शहर के विशेष बच्चों को एक बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

You missed

You cannot copy content of this page