खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । नैनीताल में दोपहिया वाहनों से लेकब्रिज चुंगी पर वसूले जा रहे प्रवेश शुल्क के मामले में प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, और जलागम प्रबन्धन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कड़ा संज्ञान लिया है। हाल ही में दोपहिया वाहनों से 100 रुपये शुल्क लिए जाने की शिकायतें सामने आने के बाद मंत्री ने त्वरित कार्रवाई की है।
उन्होंने 16 जुलाई 2026 को विधानसभा, देहरादून से निदेशक, शहरी विकास विभाग को एक आधिकारिक पत्र भेजकर इस पर तुरंत रोक लगाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
​मंत्री राम सिंह कैड़ा द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि जनपद नैनीताल के अंतर्गत नगर पालिका परिषद, नैनीताल द्वारा दोपहिया वाहनों पर शहर में लिए जाने वाले प्रवेश शुल्क पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाना सुनिश्चित किया जाए। इस फैसले से नैनीताल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय दोपहिया वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो इस भारी-भरकम चुंगी शुल्क का विरोध कर रहे थे। सरकार के इस कदम को पर्यटन को बढ़ावा देने और जनता को अनावश्यक वित्तीय बोझ से बचाने के रूप में देखा जा रहा है।
नैनीताल की विधायक सरिता आर्या, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, जीवंती भट्ट,अमिता साह,आनंद बिष्ट,विकास जोशी,अरविंद पडियार,भूपेंद्र बिष्ट सहित कई सभासदों ने कैबिनेट मंत्री के आदेश का स्वागत करते हुए इसे जनभावनाओं के अनुरूप लिया गया निर्णय बताया । उन्होंने कहा कि जनता के खिलाफ किसी भी फैसले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।

You missed

You cannot copy content of this page