नैनीताल । भवाली के कहलक्वीरा श्यामखेत क्षेत्र में जल संस्थान ने स्थानीय निवासियों की सेहत और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए पेयजल टैंकों की सफाई का काम शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों स्थानीय निवासी और जिला पंचायत के सेवानिवृत्त अभियंता डी. एस. नेगी ने विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि लंबे समय से टैंकों की सफाई न होने के कारण क्षेत्र में जल-जनित रोगों का संक्रमण फैलने की आशंका है, जिसके बाद विभाग तुरंत हरकत में आया।
इसी क्रम में बुधवार को जल संस्थान के अवर अभियंता गोपाल सिंह कार्की के नेतृत्व में विभाग की टीम ने कहलक्वीरा में स्थित 25,000 लीटर क्षमता के आरसीसी पेयजल टैंक की सफाई कर दी है। सफाई कार्य में कर्मचारी नरेंद्र सिंह, नवीन चंद्र, दीप जोशी, प्रकाश चंद्र और किशोर सिंह मुख्यत शामिल थे।
अवर अभियंता गोपाल सिंह कार्की ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए पानी की शुद्धता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही मौसम पूरी तरह साफ होता है, आगामी दिनों में क्षेत्र के अन्य मुख्य टैंकों की सफाई की जाएगी ।


