देहरादून : उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए यैलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 28 मई 2026 की दोपहर 1:40 बजे से लेकर 29 मई 2026 की दोपहर 1:40 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान राज्य के कई जनपदों, जिनमें अल्मोड़ा, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उधम सिंह नगर शामिल हैं, के कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की प्रबल आशंका है।

विशेष रूप से रूड़की, लक्सर, डोईवाला, मसूरी, विकासनगर, चकराता, धनोल्टी, चंबा, रानीखेत, काशीपुर, रुद्रपुर, टनकपुर और इनके आस-पास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के दिशा-निर्देशों का पालन करें।


