नैनीताल । आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर गहन मंथन किया गया । तय हुआ कि टैक्सी, नाव, घोड़ा संचालकों व होटल कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा और अवैध होमस्टे व ठेलों पर भी कार्रवाई होगी । उन्होंने नैनीताल में लेकब्रिज चुंगी की वसूली फास्टैग से करने के निर्देश दिए हैं ।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल को निर्देश दिए कि पूरे देश में सभी टोल प्लाजा में फास्टैग से भुगतान किया जा रहा है। नैनीताल शहर विश्व प्रसिद्ध शहर है, वर्तमान में यहाँ की व्यवस्था अभी भी मैनुअल है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल फास्टैग व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश ईओ नगर पालिका नैनीताल को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा सीजन में आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक बढ़ जाती है इस हेतु सभी व्यस्थाएँ चाक चौबंद रहे उन्होंने नैनीताल नगर एवं अन्य क्षेत्र में संचालित सभी टैक्सी वाहनों के चालकों, नाव संचालकों, घोड़ा संचालकों तथा होटल व्यवसाय में कार्यरत सभी कर्मियों का पुलिस सत्यापन शीघ्र कराया जाए।
जिलाधिकारी ने यातायात व परिवहन व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए कि भीमताल, भवाली व श्री कैंचीधाम क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखी जाए। प्रत्येक टैक्सी वाहन में निर्धारित किराया सूची चस्पा की जाए तथा प्रमुख स्थानों पर भी किराया सूची डिस्प्ले की जाए। स्थानीय लोगों को भी किसी भी प्रकार की यातायात की समस्या न हो यह सुनिश्चित कर लिया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि शटल सेवा के किराए की दर निर्धारित कर जगह जगह उसे डिस्प्ले किया जाए। पर्यावरण व स्वच्छता का विशेष ध्यान रख जाय सभी टैक्सी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। पर्यावरण एवं झील का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। प्लास्टिक का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा ।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाहरी वाहनों का प्रवेश सीमित रखा जाए, इसके लिए प्रभावी प्लान बनाया जाए। पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु परिवहन पुलिस की क्यूआरटी तैनात रहेगी जो लगातार प्रवर्तन की कार्रवाई करेगी।
शटल सेवा व पार्किंग व्यवस्था के संबंध में चर्चा के दौरान शटल सेवा स्थलों व सभी पार्किंग स्थलों में पेयजल, विद्युत, शौचालय व प्रकाश सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अधिकारियों को रुसी बाईपास स्थित दोनों पार्किंग में सभी व्यवस्थाओं के साथ ही दोनों पार्किक स्थलों में पर्याप्त कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पार्किंग स्थलों में पर्याप्त संख्या में शौचालय स्थापित करने के साथ ही उनमें पानी की समुचित व्यवस्था, एवं पेयजल की व्यवस्था के भी निर्देश जिला पंचायत व जल संस्थान के अधिकारियों को दिए। इस संबंध में उपजिलाधिकारी नैनीताल को जिला पंचायत, जल संस्थान एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्था यथासमय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नैनीताल व पर्यटन अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी होटल एवं होमस्टे का संयुक्त निरीक्षण कर उनमें पार्किंग एवं कक्षों की क्षमता का आंकलन करेंगे ताकि उसी क्षमता में पर्यटक आएं और अनावश्यक भीड़ व ट्रैफिक की समस्या न बने। उन्होंने अवैध रूप से संचालित होमस्टे के खिलाफ तत्काल उचित कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नैनीताल में जितने भी टूरिस्ट गाइड व घोड़े संचालक पंजीकृत हैं उन्हीं को अनुमति रहेगी अवैध व बिना पंजीकृत पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए। यह भी निर्णय लिया कि सभी गाइड निर्धारित ड्रेस कोड में रहेंगे।
पर्यटक सीजन में विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के लिए विद्युत विभाग को सभी तैयारियां यथासमय पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। यात्रा सीजन के दौरान नैनीताल तहसील में कंट्रोल रूम स्थापित रहेगा। इस संबंध में उपजिलाधिकारी नैनीताल को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पाण्डे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी,होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, महासचिव वेद साह, व्यापार मंडल तल्लीताल के अध्यक्ष मारुति साह, मल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष किसन नेगी, महामंत्री त्रिभुवन फर्त्याल, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, नाव एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


