खबर शेयर करें 👉

नैनीताल । मंगोली चौकी के अंतर्गत स्थित एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ने क्षेत्र के प्रधान पति पर अश्लील हरकत करने, गाली,गलौच और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी खुर्पाताल ग्राम सभा के प्रधान पति जीवन सिंह नेगी के खिलाफ  प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पीडि़त शिक्षिका ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि तीन दिसंबर को क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति जबरन स्कूल की कक्षा में घुस आया। उसने बच्चों को बाहर भेज दिया और कक्षा के भीतर उसके साथ बदसलूकी करने लगा ।  शिक्षिका ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।

 शिक्षिका के अनुसार आठ दिसंबर को आरोपी फिर स्कूल पहुंचा और कक्षा में घुसकर उसका हाथ मरोड़ते हुए गालीगलौज की। इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचे स्कूली बच्चों को भी आरोपी ने धमकाया। घटना के बाद मंगोली पुलिस को शिकायत दी गई जिसके बाद कुछ समय तक मामला शांत रहा।
बताया कि 13 फ रवरी को आरोपी एक बार फिर स्कूल में घुस आया और गलत नीयत से उसे छूने के साथ ही उसके व बच्चों के साथ मारपीट की। मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर खुर्पाताल निवासी जीवन सिंह नेगी के खिलाफ  बीएनएस की धारा 74 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर खुर्पाताल के कुछ लोगों का कहना है कि उक्त शिक्षिका ने स्कूल गेट में ताला लगा दिया है जबकि स्कूल के प्रांगण में पंचायत घर भी है । इस मामले में लंबे समय से विवाद चल रहा है । शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मामले की जांच के लिये विद्यालय पहुंचे थे । अब मामले ने नया रूप ले लिया है ।

You missed

You cannot copy content of this page