नैनीताल । एल०पी०जी० गैस की कालाबाजारी रोकने तथा शत्-प्रतिशत होम / स्पॉट डिलीवरी सुनिश्चित करवाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी महोदय नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिले में क्षेत्रवार उपजिलाधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों की त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन किया गया है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने बताया कि इस डॉल द्वारा क्षेत्रवार गैस एजेंसियों के निरीक्षण करते हुए एल०पी०जी० गैस की मांग, आपूर्ति एवं अन्य गतिविधियों पर नजर रखते हुए आपूर्ति करायी गयी।
जिला प्रशासन, नैनीताल द्वारा प्रसारित टोल फ्री नम्बर 1077, लैंड लाईन नम्बर 05942-231179, 05942-231178 और व्हाट्सएप नंबर 8272080884 तथा जिला पूर्ति अधिकारी, नैनीताल एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नैनीताल के मोबाइल नम्बर के माध्यम से आज कुल 49 शिकायतें एल०पी०जी० गैस की आपूर्ति न होने के सम्बन्ध में उपभोक्ताओं द्वारा दर्ज करायी गयी, जिसे सम्बन्धित गैस एजेंसियों के प्रबन्धक को अवगत कराते हुए उनके व्हाट्सएप नम्बर में प्रेषित करते हुए समस्या का समाधान कराया गया।
जनपद नैनीताल में स्थापित गैस एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल को जनपद में 6662 घरेलू एवं 1326 व्यावसायिक सिलेण्डर प्राप्त हुए हैं और 6365 उपभोक्ताओं को घरेलू तथा 841 उपभोक्ताओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। घरेलू गैस का 7041 तथा व्यावसायिक का 2462 गैस सिलेण्डर का स्टॉक उपलब्ध है।
जिलाधिकारी, नैनीताल द्वारा गठित क्यू०आर०टी० द्वारा आतिथि तक 71 गैस एजेंसियों, 90 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं 85 गैस डिलीवरी वाहनों का औचक निरीक्षण किया गया है। इसी क्रम में क्यू०आर०टी० टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आज 11 गैस एजेंसियों एवं 12 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व 12 गैस डिलीवरी वाहनों का निरीक्षण किया गया है।
विगत 24 घंटे में जिला प्रशासन द्वारा प्रसारित व्हाट्सअप ग्रुप पर इंडेन गैस से सम्बन्धित कुल 44 उपभोक्ताओं द्वारा अपने एलपीजी बुकिंग से सम्बन्धित विवरण प्रेषित करते हुए बुकिंग उपरान्त धनराशि भुगतान किये जाने के बाद भी आपूर्ति नहीं होने का उल्लेख किया गया।
उक्त प्रकार की समस्याओं के समाधान हेतु जिला पूर्ति अधिकारी, नैनीताल, सेल्स अधिकारी, इंडेन तथा जनपद नैनीताल के सभी इंडेन गैस एजेन्सी के प्रबन्धकों एवं जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी, नैनीताल का व्हाट्सअप ग्रुप बनाते हुए ग्रुप के माध्यम से निस्तारण हेतु भेजा गया तथा उस पर निस्तारण की रिपोर्ट प्राप्त की जा रही है।
महाप्रबन्धक, कुमाऊँ मण्डल विकास निगम लि० के स्तर से जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सम्पूर्ण कुमाऊँ हेतु गैस आपूर्ति देखने के लिए उत्तरदायी अधिकारी को सरस मार्केट, हल्द्वानी में बैठाकर वितरण हेतु उपभोक्ताओं के नाम वाली पर्ची के साथ वाहन प्रेषित कराये जाने की व्यवस्था बनायी गयी है, जिससे कि पहले बुकिंग एवं भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता से गैस प्राप्त हो सकें।
इंडेन गैस सर्विस द्वारा 3 अप्रैल से “प्रथम आओ प्रथम पाओ” की नीति को अपनाते हुए बुकिंग की तिथि अनुसार चरणबद्ध रूप से गैस वितरण की प्रक्रिया अपनाने पर कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने समस्त नागरिकों से अनुरोध किया है कि गैस की कालाबाजारी, डायवर्जन, रिफिलिंग सम्बन्धी शिकायतों तथा अपनी समस्याओं को उपरोक्तानुसार वर्णित दूरभाष नम्बर एवं व्हाट्सअप पर सूचित करने का करने को कहा है । शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जायेगी।


