खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने उत्तराखंड की क्षेत्रीय पार्टियों एवं जनपक्षधर संगठनों को एकजुट करने, 2027 विधानसभा चुनाव में क्षेत्रीय पार्टियों एवं जन  संगठनों का राजनीतिक मोर्चा बनाने को लेकर  21- 22 जून 2025 शनिवार ,रविवार को अग्रवाल सभा भवन रामनगर में एक बैठक का आयोजन किया है।
इस आयोजन की तैयारी को लेकर मंगलवार को उपपा नेता प्रभात ध्यानी, पान सिंह नेगी एवं दिनेश उपाध्याय ने नैनीताल में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से संपर्क किया।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने प्रेस को जारी बयान में बताया है कि राज्य निर्माण आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली उत्तराखंड की जनता चाहती है कि उत्तराखंड की क्षेत्रीय पार्टियां अपने मतभेद एवं अहम को त्याग कर चुनाव में एकजुट होकर सत्ता हासिल कर शहीदों के सपनों को साकार करें। जन भावनाओं का सम्मान करते हुए उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने 21 -22 जून को अग्रवाल सभा भवन रामनगर में क्षेत्रीय पार्टियों, जन संगठनों ,बुद्धिजीवियों की एक बैठक का आयोजन किया है । जिसमें कांग्रेस (इंडिया गठबंधन), भाजपा के खिलाफ 2027 विधानसभा चुनाव में क्षेत्रीय पार्टियों का मोर्चा बनाने पर चर्चा होगी ।  जो उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में बहुमत हासिल  कर उत्तराखंड में सरकार बना कर शहीदों के सपनों तथा राज्य की अवधारणा को साकार करे।
उपपा के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने   बताया कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी पार्टी ,केंद्रीय पदाधिकारी उत्तराखंड के क्षेत्रीय पार्टियों एवं जन संगठनों से मिलकर उन्हें बैठक में आने का आमंत्रण दिया है। प्रभात ध्यानी ने  बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए कई क्षेत्रीय पार्टियों एवं जन संगठनों के केंद्रीय पदाधिकारियों ने अपनी सहमति प्रदान की है जिससे बैठक के आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है ।

You cannot copy content of this page