नैनीताल । विगत रात्रि आये तेज आंधी तूफान से नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पेड़ टूट गए । जिससे जगह जगह बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं । नतीजन नैनीताल के अधिकांश हिस्सों में आज विद्युत आपूर्ति ठप है । विद्युतापूर्ति न होने से शहर में जलापूर्ति भी नहीं हो सकी है । जिससे जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है ।
नैनीताल में रात्रि 10 बजे बाद तेज आंधी तूफान आया । इससे पूर्व ही शहर में विद्युतापूर्ति बाधित हो गई थी । जो आज दोपहर बाद तक भी बहाल नहीं हो सकी है । विभागीय अधिकारियों के अनुसार मेहरागांव से सूखाताल को आने वाली मुख्य लाइन में फॉल्ट आया है । जबकि पाइंस से नैनीताल आने वाली लाइन में कलक्ट्रेट के पास पेड़ गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हुई है । जिसे ठीक करने में समय लग रहा है । बताया गया है कि तल्लीताल के कुछ हिस्सों को छोड़कर पूरे शहर में बिजली नहीं है । अधिकारियों के अनुसार कुछ समय बाद विद्युतापूर्ति बहाल हो जाएगी ।
इस आंधी तूफान में नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पेड़ टूटे हैं । बल्दिया खान के पास सड़क में पेड़ टूटने व मलवा आने से सुबह 10.30 बजे तक इस सड़क में यातायात बाधित रहा और सभी वाहन वाया भवाली ज्योलीकोट भेजे गए ।
शहर में कईं घरों की छतें उखड़ गए । तल्लीताल में स्टोनले में टी एल साह के घर की छत भी आंधी में उड़ गई ।
यहां रात्रि में तेज गरज चमक के साथ बारिश व ओलावृष्टि भी हुई है ।


