नैनीताल । अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं द्वारा मल्लीताल आर्य समाज पार्क में गोष्ठी का आयोजन कर आशाओं के साथ हो रहे पक्षपातपूर्ण व्यवहार की आलोचना की गई और अपने हितों की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ने का संकल्प लिया गया ।
कार्यक्रम में आशाओं ने समान महिला अधिकार तथा अपने सघर्ष को मजबूत करने पर चर्चा की । कहा कि आशाओं को 20 सालों से सम्मानजनक मानदेय नहीं दिया गया और न ही उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया गया । 60 वर्ष से अधिक आयु की आशाओं के लिए नप पेंशन की व्यवस्था है और न ही एकमुश्त भुगतान का कोई प्रावधान रखा गया । जो आशाओं के साथ हो रहे अन्याय व शोषण का उदाहरण है ।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं है बल्कि महिलाओं के समान अधिकार व सम्मान के साथ आगे बढ़ने का दिन है।
गोष्ठी को आशा वर्कर्स यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल,चंद्रा सती,प्रभा बिष्ट,नीलम बिष्ट, मनीषा आर्या,हेमा आर्या,हेमा जोशी,सरिता कुरिया, कमला बिष्ट,ममता आर्या आदि ने अपने विचार रखे ।


