नैनीताल । अयारपाटा वार्ड से सभासद मनोज साह जगाती ने गैस वितरण में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर ‘पर्वत गैस सर्विस’ के प्रबंधक को एक शिकायती पत्र सौंपा है।
पत्र के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि 1 अप्रैल से 9 अप्रैल के बीच जिन उपभोक्ताओं ने ‘इंडियन ऑयल ऐप’ के माध्यम से गैस सिलेंडर बुक कराए थे, उन्हें अब तक डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) प्राप्त नहीं हुआ है। इसके विपरीत, 9 अप्रैल के बाद बुकिंग करने वाले ग्राहकों को कोड मिल चुके हैं। इस विसंगति के कारण बड़ी संख्या में लोग गैस लेने से वंचित रह गए हैं, जिससे स्थानीय जनता में प्रशासन और सरकार के प्रति भारी असंतोष और रोष व्याप्त है।
सभासद मनोज साह जगाती ने इस समस्या को अत्यंत गंभीर बताते हुए प्रबंधक से जल्द से जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का तुरंत निराकरण नहीं किया गया, तो वे एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के हितों की रक्षा के लिए गैस एजेंसी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि धरना देने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उनके अनुसार, जनता की समस्याओं को बार-बार अनदेखा किया जाना अब बर्दाश्त से बाहर हो चुका है।


