नैनीताल । बलियानाला में बुधवार को एक युवक का शव मिला है । शव की शिनाख्त हो गई है ।
बताया गया है कि बुधवार की सुबह बीरभट्टी क्षेत्र की कुछ महिलाएं बलियानाला के निकट जंगल गई तो उन्होंने नाले के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा । जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना ज्योलीकोट पुलिस चौकी को दी । सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शव की शिनाख्त कराई ।
शव की पहचान मनोज रावत उर्फ शर्मा पुत्र स्वर्गीय सुरेश सिंह रावत उम्र पचास वर्ष हाल निवासी न्यू कॉलोनी दुर्गापुर पावर हाउस के रूप में हुई । मनोज रावत उर्फ शर्मा नैनीताल शहर में पर्यटक गाइड का काम करता था । जो 6 मार्च शुक्रवार की शाम को बिना बताए घर से चला गया था । जिसकी ढूंढ खोज करने के साथ पुलिस को भी सूचित किया था । पुलिस द्वारा सरस्वती विहार के सीसी कैमरे में मृतक मनोज की लोकेशन बीरभट्टी की तरफ को रात्रि डेढ़ से दो के बीच में जाते हुए दिखाई दी। लेकिन बीरभट्टी में सीसी कैमरे में उसकी लोकेशन नहीं दिखाई दे रही थी पुलिस और परिजन उसे बीरभट्टी के आसपास ही ढूंढ रहे थे ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया । घटनास्थल पर सभासद सुरेंद्र कुमार सहित मृतक के पड़ोसी पहुंच चुके थे । मृतक अविवाहित था । परिवार में उसका छोटा भाई और बुढ़ी माँ है ।
मनोज रावत उर्फ शर्मा की मृत्यु के कारणों का पता नहीं लग सका है । उसकी मृत्यु का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा । बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था।


