नैनीताल । नैनीताल-कालाढूंगी मोटर मार्ग में स्थित मंगोली क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। महिलाओं व जनप्रतिनिधियों ने सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन करने के बाद अब जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन तैयार कर कहा है कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल है लेकिन शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल के 100 मीटर के दायरे में स्कूल स्थित है साथ ही नजदीक ही सीएचसी केंद्र भी है जहां प्रतिदिन महिलाएं व अन्य ग्रामीण इलाज के लिए पहुंचते हैं, ऐसे संवेदनशील स्थान पर शराब की दुकान खोलना नियमों के भी खिलाफ है। कहा है कि दुकान खुलने से क्षेत्र में अराजकता बढ़ेगी और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर विपरीत असर पड़ेगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई गई थी लेकिन इसके बावजूद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे जिला मुख्यालय नैनीताल में धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनभावनाओं का सममान करते हुए प्रस्तावित शराब की दुकान को निरस्त करने या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान अधौड़ा प्रेमा मेहरा, जलालगांव प्रधान खुशाल बिष्ट,नलनी प्रधान गोविंद सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य सूरज अधिकारी, खुर्पाताल प्रधान हंसी नेगी, खमारी प्रधान हेम बहुखंडी समेत सामाजिक कार्यकर्ता भास्कर बहुखंडी व जीवन सिंह नेगी समेत महिला समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।


