उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई ने फिर हड़कंप मचा दिया है। हल्द्वानी की विजिलेंस टीम ने वन विभाग के कर्मचारी नवीन नौटियाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर आरोप है कि उसने कार्य से जुड़े भुगतान और पंजीकरण नवीनीकरण के नाम पर शिकायतकर्ता से 25,500 रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायतकर्ता जय प्रकाश ने बताया कि मामला जागेश्वर में वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय से जुड़ा था। विजिलेंस ने शिकायत की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप टीम का गठन किया। सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर नौटियाल को पकड़ने में सफलता मिली।
जांच में यह भी सामने आया कि इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी रेंज जागेश्वर, सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा का नाम भी शामिल है, और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मचा है। विजिलेंस टीम आरोपी के अन्य सहयोगियों और लेन-देन के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।


