नैनीताल । राज्य के विभिन्न न्यायालयों में आर डी एक्स,रखे होने के धमकी भरे मेल पिछले 3-4 से लगातार मिल रहे हैं । गुरुवार को इसी तरह का एक मेल उत्तराखंड हाईकोर्ट भी पहुंचा । जिसमें कोर्ट परिसर को खाली करने अल्टीमेटम दिया गया था साथ ही दोपहर के समय विस्फोट किये जाने की धमकी दी गई । इस धमकी के कारण गुरुवार को पूर्वान्ह में कोर्ट का कामकाज रोकना पड़ा ।

गुरुवार की पूर्वान्ह में इस मेल की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी कर्मचारी,बम निरोधक दस्ते,डॉग स्क्वाड आदि के साथ मौके पर पहुंचे । जिसके बाद कोर्ट रूम खाली कराए गए और हाईकोर्ट के सभी प्रमुख गेटों पर पुलिस बल तैनात कर हाईकोर्ट में प्रवेश कर रहे लोगों की गहन तलाशी ली गई । हाईकोर्ट के अधिवक्ता बार सभागार के बाहर व मंदिर के सामने प्रांगण में जमा थे ।

डॉग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ते ने सभी कोर्ट रूम्स सहित रजिस्ट्री ऑफिस व अन्य अनुभागों का गहन छानबीन की । लेकिन छानबीन में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली ।

हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल ने इस धमकी के बाद हाईकोर्ट परिसर का निरीक्षण किया । उन्होंने पैवेलियन होटल से गेट नम्बर 7 तक सड़क किनारे लम्बे समय से खड़े वाहनों को हटाने को कहा । ताकि आपातकालीन स्थिति में सड़क में आवागमन सामान्य हो । उनके साथ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी सी एस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार सहित अन्य अधिवक्ता भी शामिल थे ।
उधर जिला कोर्ट में आज गुरुवार को भी धमकी भरा मेल मिला । जहां आज भी डॉग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ते ने छानबीन की । जिला जज प्रशांत जोशी ने अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया । साथ ही अधिवक्ताओं से इस मामले में चर्चा की ।


