नैनीताल । उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यों के लिये 17 फरवरी को हुए मतदान के बाद सभी मतदान स्थलों से मतपेटियां नैनीताल क्लब पहुंच चुकी हैं । मतगणना आज 20 फरवरी सुबह से हो रही है । मतगणना के लिये विशेषज्ञ के रूप में अहमदाबाद से गणित के प्रोफेसर नैनीताल पहुंचे हैं । मतगणना नैनीताल क्लब के मुख्य सभागार में होगी ।
मतगणना का लाइव प्रसारण सभागार के बाहर लगाई गई बड़ी स्क्रीन में दिखाया जाएगा । इस चुनाव में कुल 104 प्रत्याशी मैदान में थे और कुल मतदाताओं की संख्या 14800 के करीब थी । जिसमें से करीब 12 हजार अधिवक्ताओं ने मतदान किया है । एक अधिवक्ता को कम से कम 5 व अधिकतम 23 प्रत्याशियों को मतदान करना था । मतगणना वरीयता क्रम में होगी जिस कारण मतगणना में कई दिन लग सकते हैं ।
बार काउंसिल के प्रभारी सचिव विजय सिंह ने बताया कि मतपत्र नैनीताल क्लब के एक कक्ष में सुरक्षित रखे गए हैं। बताया कि मतगणना की सभी आवश्यक तैयारी की गई है । मतगणना सभागार में 4 सी सी टी वी,कैमरे लगाए गए हैं । साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी चाक चौबंद की गई हैं ।
मतगणना के विशेषज्ञ के रूप में भवान सेठ कॉलेज ऑफ साइंसेज अहमदाबाद के प्रिंसिपल व गणितज्ञ प्रो.एच एस पटेल,रिटायर्ड प्रोफेसर बी पी ठक्कर आदि नैनीताल पहुंच गए हैं । साथ ही मुख्य चुनाव अधिकारी व हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज राम औतार भी मतगणना में शामिल रहेंगे ।
उन्होंने बताया कि बार काउंसिल के चुनाव के लिये बनाये गए कुछ मतदान केंद्रों से मतदान के आंकड़े पता नहीं चल सके हैं । क्योंकि कई केंद्रों के चुनाव अधिकारियों द्वारा मतदान के आंकड़े मतपेटी में बन्द कर दिये ।
विजय सिंह के अनुसार सबसे अधिक मतदाता देहरादून जिला कोर्ट में थे । वहां करीब 5 हजार मतदाताओं में से 3819 मतदाताओं ने मतदान किया । इसके अलावा जिन केंद्रों के मतदान की संख्या उपलब्ध है उनमें अल्मोड़ा में 236, रानीखेत में 46,नैनीताल में 979,रामनगर में 42,रुड़की में 1000,हल्द्वानी में 887,कोटद्वार में 209,टिहरी में 137,कीर्तिनगर में 9,बाजपुर में 184,काशीपुर में 732,उत्तरकाशी में 87,पुरोला में 27,ऋषिकेश में 359, विकासनगर में 327 अधिवक्ताओं ने मतदान किया है ।


