खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । न्यायालय अपर जिला जज/एफ.टी.एस.सी. (पोक्सो एक्ट) नैनीताल के विशेष न्यायाधीश सुधीर तोमर ने नाबालिग पीड़िता के साथ होटल में ले जाकर जबरदस्ती दुष्कर्म करने के आरोपी नरेश पाण्डे निवासी भवाली की प्रथम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
   आरोपी के खिलाफ मल्लीताल थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 3/4 एवं 16/17 के अंतर्गत मामला दर्ज है। आरोपी पक्ष के अधिवक्ताओं ने तर्क दिया था कि आरोपी एक सामाजिक कार्यकर्ता है और उसे रंजिशन झूठा फंसाया गया है, जबकि अभियोजन पक्ष की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) सुशील कुमार शर्मा ने जमानत का कड़ा विरोध करते हुए दलील दी कि पीड़िता और गवाहों के बयानों सहित मेडिकल साक्ष्य भी इस गंभीर अपराध की पुष्टि करते हैं।
​न्यायालय ने दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावली का गहन अवलोकन करने के बाद अपने आदेश में कहा कि आरोपी पर एक नाबालिग लड़की को होटल ले जाकर जबरदस्ती दुष्कर्म करने का अत्यंत गंभीर आरोप है, जो कि विवेचनाधीन है। कोर्ट ने माना कि आरोपी का आपराधिक इतिहास होने के साथ-साथ इस स्तर पर जमानत देने से पीड़िता व गवाहों को प्रभावित किए जाने और आरोपी के फरार होने की पूरी संभावना है। लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट), 2012 को बालकों के संरक्षण के लिए एक विशेष कानून बताते हुए अदालत ने स्पष्ट किया कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जमानत पर रिहा करने का कोई पर्याप्त आधार नहीं बनता है, जिसके चलते आरोपी नरेश पाण्डे की जमानत याचिका को निरस्त कर दिया गया।

You missed

You cannot copy content of this page