नैनीताल। माल रोड के बोट स्टैंड के पास गुरुवार को एक युवक ने झील में कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों और नाव चालकों की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई।
तल्लीताल पुलिस ने बताया कि मृदुल कृष्ण पांडे (28) निवासी तल्ला गोरखपुर हल्द्वानी बिना बताए घर से नैनीताल आ गया था । बताया जा रहा है कि उन्हें चक्कर आने की समस्या रहती है। सुबह के समय माल रोड के बोट स्टैंड के पास पहुंचकर उन्होंने अचानक झील में कूदने की कोशिश की । तभी आसपास मौजूद लोगों और नाव चालकों ने तुरंत युवक को पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया ।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि समय रहते स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था । उन्होंने बताया युवक की सूचना परिजनों को दी गई इसके बाद परिजन उसे अपने साथ ले गए ।


