विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए गुरुवार को किच्छा में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मामला उस समय सामने आया जब एक लकड़ी ठेकेदार ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के 16 निजी पेड़ खरीदे थे, जिनकी कटाई के लिए उसे नियमानुसार अनुमति लेनी थी। आरोप है कि अनुमति देने के एवज में ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे 12,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप टीम गठित की। योजना के तहत टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय में ही शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।


