खबर शेयर करें 👉

नैनीताल ।  खुर्पाताल के ग्रामीणों तथा जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापिका द्वारा प्रधान हंसा नेगी के पति जीवन नेगी पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है तथा चेतावनी दी हे कि यदि मामले में न्यायोचित कार्यवाही नहीं हुई तो क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सामूहिक इस्तीफे देंगे।

मामले को लेकर  उन्होंने सोमवार को एडीएम (प्रशासन) विवेक राय के माध्यम से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को संबोधित ज्ञापन सौपा। एक अन्य ज्ञापन में ग्रामीणों ने चारखेत से लेकर नलनी व घटगढ़ के बीच में सरकारी शराब की दुकान खुलने का विरोध भी किया है, इसको लेकर भी उन्होंने एडीएम से माध्यम से सीएम पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल में कार्यरत प्रधानाध्यापिका द्वारा ग्राम प्रधान (प्रधान पति) के विरुद्ध बिना किसी ठोस प्रमाण के झूठे एवं निराधार आरोप लगाए गए हैं,ग्रामवासियों का कहना है कि बिना किसी जांच एवं सत्यापन के मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई करना अनुचित है। इसके अलावा प्रधानाध्यापिका द्वारा पंचायत के कार्यों एवं गतिविधियों में भी लगातार व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप लगे हैं। इस दौरान ग्रामवासियों द्वारा कहा गया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान भी उक्त शिक्षिका द्वारा बाधा डाली गई तथा खेल महाकुंभ जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में विद्यालय के मैदान के मुख्य द्वार की चाबी तक मुहैया नहीं कराई गई जिससे कार्यक्रम प्रभावित हुए। उन्होने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने के साथ ही  संबंधित प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध उचित कार्यवाही करते हुए शीघ्र स्थानांतरण करने की मांग की है।
दूसरी ओर ग्रामवासियों ने चारखेत से लेकर नलनी- घटगढ़ क्षेत्र  के बीच सरकारी शराब की दुकान खोले जाने का  पूर्ण रूप से विरोध किया है। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी भावनाओं, महिलाओं की सुरक्षा एवं बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उक्त स्थान पर शराब की दुकान खोले जाने की अनुमति को तत्काल निरस्त किया जाए और टेंडर प्रक्रिया पर भी तत्काल प्रभाव से स्थायी रोक लगाई जाए।
ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान खुर्पाताल हंसी नेगी, ग्राम प्रधान अधौड़ा प्रेमा मेहरा, ग्राम प्रधान खमारी  हेम बहुखंड़ी, ग्राम प्रधान जलालगांव खुशाल,ग्राम प्रधान गहलना कीर्ति आर्या, ग्राम प्रधान नलनी  गोविन्द सिंह अधिकारी, कमला आर्या, मुकेश मेहरा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

You missed

You cannot copy content of this page