नैनीताल । नैनीताल में रसोई गैस का संकट बढ़ने लगा है । लोग गैस के लिये घण्टों लाइन में खड़े हो रहे हैं । उपभोक्ताओं की पहले गैस ही बुक नहीं हो पा रही है और गैस बुक हो भी गई तो गैस सिलेण्डर लेने के लिये जद्दोजहद करनी पड़ रही है ।
गैस की ऑन लाइन बुकिंग न होने से अब कुमाऊँ मण्डल विकास निगम के मल्लीताल रोपवे स्थित गैस कार्यालय में ऑफ लाइन यानी मैनुअली गैस बुकिंग की जा रही है । जहां गैस बुक कराने के लिये उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो रही है ।
शुक्रवार को मल्लीताल बी डी पांडे अस्पताल के सामने इंडेन गैस सिलेंडर के लिये सुबह 8 बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लगने लगी थी । 11 बजे बाद वहां 90 सिलेंडर पहुंचे लेकिन लाइन में उससे कहीं अधिक लोग लगे हुए थे । जिससे लाइन में लगे लोगों में बेचैनी सी थी । लोगों को आने वाले दिनों में गैस की किल्लत और बढ़ने की आशंका है । दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति न होने से छोटे रेस्टोरेंट व ढाबे अब बन्द होने लगे हैं और रेस्टोरेंटों में सीमित व्यंजन बनने लगे है । कई लोग अब इंडक्शन का भी उपयोग करने लगे हैं ।


