खबर शेयर करें 👉
नैनीताल। नैनीताल बिड़ला चुंगी के समीप लगी आग को बुझाने गया एक दैनिक कर्मी की पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई। विभाग द्वारा बिना फायरशूट पहने  दैनिक वेतन भोगी कर्मी को आग बुझाने भेजने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। उन्होंने आरोप लगाया वन विभाग की लापरवाही के चलते वन कर्मी की मौत हुई है ।
 बताया गया है कि शुक्रवार की सुबह बिड़ला चुंगी के समीप आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के दौरान बिड़ला निवासी आनन्द राम फिसलकर गिर गया। सुरक्षा उपकरण नहीं होने के कारण  उसके सिर में चोट आ गई और वह मूर्छित हो गया।  जिसको 108 के माध्यम से अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
इस दौरान मौके पर पहुंचे क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग की लापरवाही के चलते वन कर्मी की मौत होने का आरोप लगाया। कहा कि आग बुझाने गए कर्मचारी बिना फ़ायरसूट व बिना हेलमेट के थे । इसी के चलते आनंद की मौत हुई है। सभासद अंकित चंद्रा, जितेंद्र पांडे,भगवत रावत, पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू व अन्य ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा।
 अस्पताल पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी ललित कार्की ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है साथ ही विभागीय कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है जिसके बाद  आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

You missed

You cannot copy content of this page