खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । राजकीय महाविद्यालय पतलोट में उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
भारतीय उद्यमिता संस्थान, अहमदाबाद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें उद्यमिता के विभिन्न अवसरों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन में हुआ, जिन्होंने छात्रों को आत्मनिर्भर बनने और नवाचार (इन्नोवेशन) के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
​कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, नियुक्त प्रोजेक्ट ऑफिसर  भूपेन्द्र सिंह मेहरा ने पीपीटी और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए आवश्यक कौशल और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। छात्रों ने इस सत्र में गहरी रुचि दिखाई और योजना के विभिन्न पहलुओं को समझा। कार्यक्रम के दौरान एक स्क्रीनिंग टेस्ट भी आयोजित किया गया, जिसके आधार पर चयनित विद्यार्थियों को आगामी तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप और छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम में निःशुल्क प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
​कार्यक्रम का सफल संचालन नोडल अधिकारी देवेन्द्र लाल द्वारा किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मंजू पनेरू, सुश्री कल्पना,  महिपाल सिंह, हेम चन्द्र जोशी,  हेम चन्द्र काण्डपाल, श्रीमती हेमा गोस्वामी और चन्द्र प्रकाश कुड़ाई सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति में प्राचार्य  द्वारा मुख्य वक्ता और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

You missed

You cannot copy content of this page