नैनीताल । राज्य में राजकीय विश्वविद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु उच्च शिक्षा सचिव डॉ रंजीत सिन्हा की अध्यक्षता में सोमवार को उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों के साथ विभागीय अधिकारियों व विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक हुई।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण रौतेला एवं महामंत्री प्रशांत मेहता ने बताया कि संगठन के 11 सूत्रीय मांग पत्र पर उच्च शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में हुई वार्ता सकारात्मक रही, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए एवं रिक्त पदों के सापेक्ष किसी भी वैकल्पिक नियुक्ति पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया गया। सचिव द्वारा नियमित नियुक्तियों को शीर्ष प्राथमिकता में करने का निर्देश दिया गया। विश्वविद्यालय में स्टफिंग पैटर्न की मांग पर सभी विश्वविद्यालय से अतिशीघ्र स्टफिंग पैटर्न के प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं कार्मिक सेवानियमावली के संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत समस्त विश्वविद्यालय में हेतु एक कॉमन सेवानियमावली बनाई जाने का भी निर्णय लिया गया और विश्वविद्यालयों से प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश समस्त कुलसचिव को दिए गए। सभी विश्वविद्यालयों में समान पद समान व्यवस्था के अनुसार प्रयोगशाला सहायक, पुस्तकालय सहायक सहित सभी पदों के प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए और ऐसे विभाग जिन में एक भी पद उपलब्ध नहीं हैं उनमें पदों के प्रस्ताव देने के भी निर्देश जारी किए गए। राजकीय विश्वविद्यालय में कुलसचिव संवर्ग के अधिकारियों को उत्तर प्रदेश की तर्ज पर वेतनमान दिए जाने पर भी शासन द्वारा सकारात्मक रुख अपनाया गया।
अल्मोड़ा विश्वविद्यालय में गोल्डन कार्ड स्वास्थ्य योजना लागू करने हेतु बैठक में कुलसचिव को स्पष्ट निर्देश दिए गए। राज्य कर्मचारियों के हितार्थ जारी शासनादेशों को विश्वविद्यालय में लागू करने हेतु समस्त विश्वविद्यालय की कुलसचिवों को संबंधित शासनादशो को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए और वहीं 10, 16, 26 सेवा पर प्रोन्नत वेतनमान हेतु कार्मिक विभाग को आवश्यक सूचना तत्काल उपलब्ध कराने हेतु कुलसचिवों को निर्देश दिए गए। राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम लागू किए जाने के संबंध में शासन स्तर पर प्रक्रिया संचालित होने की जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय में उपनल कर्मचारियों की समान कार्य – समान वेतन के अनुसार व्यवस्था लागू करने हेतु शासकीय निर्णय के अनुरूप कार्रवाई का निर्देश बैठक में दिया गया। समस्त विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को समयबद्ध प्रशिक्षण देने हेतु भी बैठक में सचिव द्वारा निर्देश दिए गए।
बैठक में मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी से संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत नैनवाल और श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी से महासंघ के संगठन मंत्री जोत सिंह भंडारी शामिल हुए।


