नैनीताल । उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिये हुए मतदान के बाद मतों की गिनती शुक्रवार से नैनीताल क्लब में शुरू हो गई है ।
शुक्रवार को पहले दिन अल्मोड़ा,रानीखेत, बागेश्वर,चमोली,चंपावत,पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, डीडीहाट के जिला व मुंसिफ न्यायालयों के बैलेट बॉक्स खोले गए और इन स्थानों में अधिवक्ताओं द्वारा दिये गए प्रथम वरीयता मत गिने गए ।
मतगणना अहमदाबाद से बुलाये गए विशेषज्ञ भवान सेठ कॉलेज ऑफ साइंसेज के प्रिंसिपल व गणितज्ञ प्रो.एच. एस. पटेल, रिटायर्ड प्रोफेसर बी पी ठक्कर आदि की देखरेख में की जा रही है और मुख्य चुनाव अधिकारी हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश राम औतार सिंह, सहायक चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता बी डी उपाध्याय भी मतगणना स्थल पर मौजूद रहे ।
मतगणना नैनीताल क्लब के मुख्य सभागार में हो रही है । जिसका सीधा प्रसारण सभागार के बाहर लाउंज में लगी बड़ी स्क्रीन में किया जा रहा है । जहां 23 सदस्यों के लिये चुनाव लड़ रहे 104 प्रत्याशी व उनके समर्थकों की भीड़ लगी है ।
मतगणना शायं 5 बजे तक जारी रही । अब आगे की मतगणना कल (आज) सुबह 10 बजे से शुरू होगी ।
बार काउंसिल के प्रभारी सचिव विजय सिंह के अनुसार पहले चरण में सभी स्थानों के मतों के प्रथम वरीयता की गिनती होगी । जिसके बाद क्रमशः द्वितीय वरीयता,तृतीय वरीयता,चतुर्थ वरीयता आदि की गिनती होगी । मतगणना के कई दिन तक चलने की संभावना है ।


