नैनीताल । गुलदार ने कल रात भीमताल ब्लॉक में फिर एक युवक को निवाला बना दिया है। आज जंगल में उसका शव बरामद किया गया।
भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश बिष्ट ने बताया कि काठगोदाम से लगे भीमताल ब्लॉक विकास खंड के भदयूनी निवासी 30 वर्षीय कमल सिंह बिष्ट पुत्र इंद्र सिंह बिष्ट कल देर शाम से घर के पास से गायब हो गया था, परिजनों ने उसकी खोजबीन की। रात तक कोई जानकारी नहीं मिला।
आज गांव के लोगों के साथ ही वन विभाग के लोगों ने खोजबीन शुरू की। आज सुबह जंगल में कमल का आधा खाया हुआ शव बरामद किया गया।
इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते दिवस उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी से इस क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा बाघ देखे जाने को जानकारी दी। विभाग से कोई ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया था, विभाग ने एस मामले में लापरवाही बरती। ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश बिष्ट ने घटना स्थल पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की है।
गांव में भारी दहशत व भय का माहौल है । बड़ी संख्या में लोग गांव में मौजूद हैं । वन विभाग के अधिकारी भी गांव पहुंच गए हैं ।


