नैनीताल । माल रोड स्थित एक होटल में कार्यरत कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पंचनामे की कार्रवाई शुरु कर दी है। प्रथम दृष्टिया मामला हृदयघात का बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सतनौली देवीनगर बेरीनाग (पिथौरागढ़) निवासी प्रकाश राम (54) मालरोड स्थित एक होटल में बतौर गाइड कार्य करता था। सोमवार देर रात अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। आनन फानन होटल कर्मी उसे लेकर राजकीय बी.डी. पांडे जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली के एसआई मोहममद युनूस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना देकर नैनीताल बुला लिया गया है। पंचनामे के बाद बुधवार (आज) को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। चिकित्सकों की ओर से प्रथम दृष्टिया मामला हृदयघात बताया जा रहा है हालांकि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता लग सकेगा।


