नैनीताल । शनिवार को भुजियाघाट के निकट गधेरे में बरामद हुए अज्ञात शव की शिनाख्त बंदरजूड़ा कोटाबाग निवासी नवीन चंद्र गुणवंत के रूप में हुई है ।
वे अपनी बेटी की शादी के कार्ड बांटने शुक्रवार को सुयालबाड़ी जा रहे थे । वे पोस्ट ऑफिस में कार्यरत थे । परिजन इस मौत को संदिग्ध बता रहे हैं । उन्होंने हत्या की आशंका जताई है ।
उनके परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात 9:30 बजे नवीन चंद्र ने घर फोन कर बताया था कि वह भवाली में हैं, खाना खा लिया है और वहीं रात्रि विश्राम कर रहे हैं। लेकिन दूसरे दिन शनिवार को भुजिया घाट में मिला । यह घटना काठगोदाम थाने के अंतर्गत है ।
बताया जा रहा है कि मृतक का मोबाइल फोन गायब है । जो पुलिस के लिए इस मौत की जांच में अहम हो सकता था । घटनास्थल पर पुल से नीचे गिरने का कोई निशान नहीं मिला है। इसके अलावा शव के पैर मुड़े हुए थे और वह नाले के बीचों-बीच मिला, जहाँ पानी की गहराई 8 से 10 फीट थी।
नवीन चंद्र अपनी बेटी भावना की शादी के कार्ड बांटने के लिए सुयालबाड़ी जाने हेतु निकले थे। 21 अप्रैल को बड़ी बेटी भावना की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस खबर ने खुशियों को उम्र भर के दु:ख में बदल दिया है। छोटी बेटी गुंजन सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है ।
शव का पोस्टमार्टम कराकर लाश परिजनों को सौंप दी है ।


