नैनीताल । एल पी जी सिलेण्डरों की कम आपूर्ति के कारण शुक्रवार को भी मल्लीताल में बी डी पांडे अस्पताल के सामने इंडेन गैस उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही । यहां खराब मौसम व बारिश के बीच लोग सिलेंडर की प्रतीक्षा में खड़े रहे । जहां काफी देर लाइन में खड़े रहने के बाद कई लोगों को बिना सिलेंडर के वापस लौटना पड़ा । यहां दोपहर बाद गैस सिलेंडर समाप्त हो गए थे । जिसके बाद लोग वापस लौट गए ।
गैस मैनेजर अंकिता पांडे ने बताया कि शहर के वार्डों में रोटेशन वाइस गैस भेजी जा रही है । लेकिन गोल घर के समीप शहर के सभी क्षेत्रों के लोग सिलेंडर लेने आ रहे हैं । बताया कि विगत दिवस जिन लोगों की गैस बुक थी उनकी गैस की किताब कल ले ली गई थी । जिन्हें आज गैस दी गई । जबकि आज 50 उपभोक्ताओं, जिनकी गैस बुक है, उनकी गैस किताब जमा की गई है । जिन्हें शनिवार को गैस वितरित की जाएगी । इधर आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस एक दिन भी नहीं आ रही है जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है ।
मल्लीताल में गैस वितरण की व्यवस्था बनाने के लिये कुमाऊं मंडल विकास निगम की प्रबंधक अंकिता पांडे भी मौजूद थी । वह दूर दूर से आये लोगों को गैस सिलेंडर अपने क्षेत्र से लेने की हिदायत दे रही थी । यहां आलूखेत से भी लोग सिलेंडर लेने पहुंचे थे । आलूखेत,कैला खान के लोगों की शिकायत थी कि आलूखेत में सिलेंडर नहीं भेजे जा रहे हैं और नैनीताल शहर में उन्हें सिलेंडर दिए नहीं जा रहें हैं । जिससे ग्रामीण क्षेत्र में एल पी जी सिलेंडर की समस्या अधिक होने लगी है ।
नैनीताल में जिन स्थानों में भी गैस वितरित हो रही है वहां बुकिंग के सापेक्ष काफी कम सिलेंडर पहुंच रहे हैं । जिससे लाइन में लगे लोगों का समय भी बर्बाद हो रहा है ।
वीडियो-:


