नैनीताल । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तराखंड शासन तथा दिव्य हिमगिरी संस्था द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स के ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति सम्मान एवं विज्ञान प्रयोगधर्मी महिला सम्मान–2026 समारोह में नैनीताल जनपद की डॉ. विजेता बिष्ट को ‘विज्ञान प्रयोगधर्मी महिला सम्मान’ प्रदान किया गया।

इस समारोह में पूरे उत्तराखंड से नारी शक्ति सम्मान के लिए 20 महिलाओं तथा विज्ञान प्रयोगधर्मी महिला सम्मान के लिए 7 महिलाओं का चयन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. भानु दुग्गल, उत्तराखंड राज्य उपभोक्ता आयोग की अध्यक्षा न्यायाधीश डॉ. कुमकुम रानी और यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया।
डॉ. विजेता बिष्ट को विज्ञान शिक्षा को प्रकृति और पारंपरिक ज्ञान के समावेश से रोचक एवं स्थायी बनाने के प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया। वह राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कनकपुर (कोटाबाग), नैनीताल में विज्ञान मार्गदर्शक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।
उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र विभिन्न विज्ञान गतिविधियों में राज्य स्तर तक प्रतिभाग कर चुके हैं तथा अब तक 12 छात्रों का चयन ‘इंस्पायर अवार्ड’ के लिए हो चुका है।


